पटना/बिहार। पड़ोसी देश नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कई लोगों की मौत हुई है और बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल के कई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
नेपाल में आई इस फ्लैश फ्लड का असर बिहार में भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। नेपाल से आने वाली नदियों के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए बिहार सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। खास तौर पर गंडक नदी से जुड़े इलाकों पर प्रशासन की पैनी नजर है।
♦ CM सम्राट चौधरी ने गठित की हाईलेवल टीम
बिहार में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्थिति की निगरानी के लिए हाईलेवल टीम गठित की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव और डीजीपी स्वयं पूरे हालात पर नजर रख रहे हैं।उन्होंने इस संबंध में तत्काल बैठक कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करने की बात कही है।
सरकार की ओर से संभावित स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र को तैयार रखा गया है। गंडक नदी के जलस्तर और नेपाल से आने वाले पानी की लगातार निगरानी की जा रही है।
♦बिहार के लिए क्यों बढ़ी चिंता?
नेपाल में आई बाढ़ का पानी आगे चलकर गंडक नदी प्रणाली को प्रभावित कर सकता है। इसी वजह से बिहार के सीमावर्ती और निचले इलाकों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
News4Bihar की अपील: नदी, नहर और निचले इलाकों के आसपास रहने वाले लोग प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।










