सारण। फरार आरोपितों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पानापुर थाना पुलिस ने मिथौरा गांव में हत्या के एक मामले के फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। न्यायालय से जारी आदेश के बाद थानाध्यक्ष संजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल एवं चौकीदारों की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार मिथौरा गांव में जमीन विवाद को लेकर 16 नवंबर 2024 को 21 वर्षीय अभिषेक कुमार की लाठी-डंडे एवं रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के पिता बिजुली महतो ने नीरज कुमार समेत करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
घटना के बाद से नीरज कुमार फरार चल रहा है। न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंट के आधार पर पुलिस उसके घर पहुंची और घर में मौजूद सामान को जब्त किया।
थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। न्यायालय के निर्देश के अनुसार आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










