श्रावण में सेवा और आस्था का संगम: दुर्गास्थान मंदिर पहुंचीं महापौर, कांवरिया सेवा शिविर की तैयारियों का लिया जायजा

News4Bihar | रूपेश मिश्रा, कटिहार। श्रावण मास के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधाओं को लेकर नगर निगम कटिहार सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को महापौर श्रीमती ऊषा देवी अग्रवाल ने दुर्गास्थान मंदिर परिसर पहुंचकर दुर्गास्थान कांवरिया सेवा समिति की ओर से आयोजित सेवा शिविर एवं रात्रि जागरण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

महापौर ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम की ओर से की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर कार्यक्रम की तैयारियों और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर मांगा आशीर्वाद

दुर्गास्थान मंदिर पहुंचने पर महापौर ने मां दुर्गा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रद्धालुओं और नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

महापौर ने कहा कि श्रावण मास सेवा, आस्था और श्रद्धा का पावन संगम है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, आवश्यक व्यवस्थाओं और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शिवभक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।

महापौर ने भगवान भोलेनाथ और मां दुर्गा से सभी नगरवासियों के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हुए प्रार्थना की कि मां दुर्गा और भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।