सारण/इसुआपुर। इसुआपुर प्रखंड के टेढ़ा गांव में देवी मंदिर निर्माण एवं माता की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पूरे गांव में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
शुक्रवार की सुबह 501 युवतियों एवं महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर भव्य जलभरी यात्रा निकाली। हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। करीब 3 किलोमीटर की दूरी तय कर श्रद्धालु बड़ा टेढ़ा नदी पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ कलश में जल भरा गया।
जल लेकर श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचे। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर परिसर पहुंचने के बाद यज्ञाचार्य शास्त्री की देखरेख में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ 24 घंटे के अखंड अष्टयाम का शुभारंभ किया गया।
सपने में आईं देवी मां, मंदिर निर्माण का लिया संकल्प
आयोजन अंबुज दास जी महाराज के मार्गदर्शन में मुख्य यजमान शंकर राय एवं उनके पुत्र धनंजय राय द्वारा कराया जा रहा है।
धनंजय राय ने बताया कि देवी मां उनके सपने में आई थीं। इसके बाद उन्होंने गांव में भव्य देवी मंदिर का निर्माण कराने और माता की प्राण-प्रतिष्ठा कराने का संकल्प लिया। इसी संकल्प के तहत मंदिर निर्माण के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना और प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अखंड अष्टयाम के माध्यम से गांव में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बनाने तथा लोगों में भक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
हजारों ग्रामीण हुए शामिल
जलभरी यात्रा में गांव के हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया। महिलाओं और युवतियों के साथ बड़ी संख्या में पुरुष एवं बच्चे भी यात्रा में शामिल रहे। हाथी-घोड़े और गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा गांव में आकर्षण का केंद्र बनी रही।
आयोजन को सफल बनाने में रंजय कुमार, मुकेश कुमार, अवधेश कुमार, पवन कुमार और कुंदन कुमार सहित ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।










