कटिहार में सब्जी सहकारी समितियों को मिलेगा प्राथमिकता, डीएम ने दिए निर्देश

News4Bihar|। जिले में प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को मजबूत करने और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं संस्थानों में सब्जी आपूर्ति का अवसर देने को लेकर शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने की

बैठक में जिले के सभी प्रखंड स्तरीय प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों के अध्यक्षों के साथ विभिन्न योजनाओं एवं संस्थानों में सब्जी उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला कल्याण पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएम पोषण योजना सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिला पदाधिकारी ने पीएम पोषण योजना से आच्छादित जिले के सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के लिए सब्जी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इसके लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएम पोषण योजना को सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा गया।

 

इसी तरह जीविका की दीदी की रसोई के लिए सब्जी की आपूर्ति में भी प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को प्राथमिकता देने का निर्देश जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका को दिया गया।

जिला कल्याण पदाधिकारी को भी अपने विभाग से संबंधित संस्थानों में सब्जी की उपलब्धता के लिए प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।

वहीं, जिला सहकारिता पदाधिकारी को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन के इस कदम से जिले की प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को बाजार और संस्थागत आपूर्ति का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।