News4Bihar | इसुआपुर : प्रखंड की अगौथर सुंदर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की. शिविर में राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, बिजली, नल-जल, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 95 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.
प्रखंड विकास पदाधिकारी इं सत्यम सिंह ने बताया कि पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड एवं अन्य सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर लगाने से बचाना है. उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें. शिविर में सबसे अधिक आवेदन राशन कार्ड एवं शौचालय से संबंधित प्राप्त हुए.हालांकि, पीएचईडी विभाग से किसी अधिकारी या कर्मी के उपस्थित नहीं रहने के कारण नल-जल एवं पेयजल से संबंधित मामलों के निष्पादन में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा. शिविर में लोगों ने बताया कि वार्ड संख्या 3 और 5 में नल जल बंद पड़ा है. वही शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. मौके पर मुखिया विजय सिंह भी मौजूद थे.










