News4Bihar | इसुआपुर। बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को ज्वलंत जनसमस्याओं और गरीबों पर कथित जुल्म के खिलाफ प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रदर्शन एवं सभा का आयोजन किया गया. सभा की अध्यक्षता नूरहसन अंसारी ने की, जबकि संचालन कामरेड गंगासागर राम ने किया. प्रदर्शन के बाद सीपीआईएम एवं बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी इं सत्यम सिंह को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा.ज्ञापन के माध्यम से पुलिस द्वारा दलितों का सम्मान नहीं करने,सभी गरीबों का नाम राशन कार्ड में जोड़ने, बकाया बिजली बिल माफ करने तथा स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने की मांग की गई. इसके अलावा पिपरहियां, भकुरा, भिठ्ठी बाजार सहित सभी दलित टोलों को संपर्क पथ से जोड़ने, गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई गई.
यूनियन ने दाखिल-खारिज में कथित रिश्वतखोरी पर रोक लगाने तथा जाति, आय, आवासीय, मृत्यु और जन्म प्रमाण पत्र बनाने में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने की मांग की. किसानों का ऋण माफ करने, मठिया की जमीन की अवैध बिक्री एवं कब्जे पर रोक लगाने तथा मुरवां एराजी और नवादा मठिया सहित अन्य स्थानों पर भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल था .वहीं, मनरेगा योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग की गई.
इसुआपुर पंचायत में शवदाह गृह का निर्माण कराने ,सभी गली-नालियों का पक्कीकरण कराने, शामपुर बेयालीस महादलित टोला तथा गैरमजरुआ जमीन पर बसे सहवां महादलित टोला के लोगों को जमीन का पर्चा देने की मांग की गई.इसके साथ ही दलित टोलों में सामुदायिक शौचालय निर्माण, नहरों की मिट्टी भराई एवं पीसीसी निर्माण कराने सहित अन्य जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई.सभा को मुख्य वक्ता राज्य सचिव मंडल सदस्य रामपरी, राज्य उपाध्यक्ष कामरेड गिता सागर राम, कामरेड अहमद अली, कालिदास, देवानंद प्रसाद, जितेंद्र साह, सूरज चौहान, गोविंदा माझी, लक्ष्मण माझी, उमेश राम, काली दाससहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया. वक्ताओं ने कहा कि गरीबों, दलितों, किसानों और मजदूरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.










