स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल।

News4Bihar | रूपेश मिश्रा (कटिहार): महेश्वरी एकेडमी मैदान में परेड, ध्वजारोहण और मंच व्यवस्था का किया गया पूर्वाभ्यास।

आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने को लेकर गुरुवार को मुख्य समारोह स्थल महेश्वरी एकेडमी के मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की उपस्थिति एवं देखरेख में परेड, ध्वजारोहण, मंच व्यवस्था सहित विभिन्न कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्मी को देखते हुए समारोह स्थल पर पर्याप्त शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परेड ग्राउंड को समतल कराने और मैदान में मौजूद अनावश्यक सामग्री को हटाने का निर्देश भी दिया।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, सुरक्षाकर्मी, परेड दल तथा अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।