सारण एसएसपी द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा।

न्यूज4बिहार | छपरा । सोमवार को सारण एस एस पी विनीत कुमार द्वारा अखिल भारतीय संयुक्त ट्रेड यूनियन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आंदोलन के मद्देनजर जिले के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था पर निगरानी रख रहे हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सारण पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सारण पुलिस का सहयोग करें। विधि-व्यवस्था भंग करने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।