नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल पर महापौर की पहल, मांगों के समाधान के लिए सरकार को भेजा पत्र।

News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार) | कटिहार नगर निगम कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल के बीच महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उप महापौर, नगर आयुक्त, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य तथा नगर निगम के वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को गंभीरता से सुना गया। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों की सहमति से मांगों को संकलित कर उनके शीघ्र समाधान के लिए बिहार सरकार को औपचारिक पत्र भेजा गया। पत्र में कर्मचारियों की समस्याओं पर सकारात्मक पहल करते हुए जल्द समाधान निकालने का अनुरोध किया गया है, ताकि हड़ताल समाप्त हो सके और नगर निगम की सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो सकें।

महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज़ मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि शहरवासियों को आवश्यक नगर निगम सेवाएं बाधित न हों।

महापौर ने कटिहारवासियों से अपील की कि इस अस्थायी स्थिति में धैर्य और सहयोग बनाए रखें। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संवाद के माध्यम से जल्द ही समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा, “संवाद, संवेदनशीलता और समाधान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। जनसेवा हमारा सर्वोच्च दायित्व है और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।