News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार) | प्राणपुर प्रखंड की सहजा पंचायत अंतर्गत कास्त हावर चौक पर बुधवार को लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार और बिना पूर्व सूचना के बिजली काटे जाने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बार-बार बिजली गुल होने से छात्रों की पढ़ाई, छोटे कारोबार, कृषि कार्य और घरेलू कामकाज पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां लेकर “बार-बार बिजली कटौती बंद करो”, “बिजली विभाग होश में आओ” और “जनप्रतिनिधि ध्यान दें” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे चरणबद्ध तरीके से बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में स्थानीय ग्रामीणों के अलावा भावी मुखिया प्रत्याशी एजाज अहमद नदवी एवं दर्जनों बिजली उपभोक्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से अविलंब कार्रवाई कर क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।










