बिहार-झारखंड में बारिश का अलर्ट: अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

नई दिल्ली/पटना: मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार और झारखंड समेत उत्तर भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में 21 से 26 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग रांची के अनुसार, 21 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 22 से 25 जुलाई तक भी राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

बिहार में भी बारिश का अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 21 जुलाई सुबह 8:30 बजे से 22 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी और मध्य बिहार के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट IMD के अनुसार, 21 से 24 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, जबकि 21 से 26 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक जोरदार बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग की सलाह भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें, नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।