200 cases of liquor recovered in hazaribagh

रिपोर्ट : सुशांत सोनी

हजारीबाग. जिले के उत्पाद विभाग को 24 घंटे के अंदर दूसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है. दरअसल झारखंड बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र चौपारण थाना के गडमोरवा सगन जंगली क्षेत्र के जिस झोपड़ीनुमा घर से बीते दिन विदेशी शराब की 400 पेटियों की बरामदगी हुई थी, उसी झोपड़ी से आज फिर 200 पेटी विदेशी शराब मिली है. हालांकि दोनों बार की छापेमारी में कोई तस्कर हाथ नहीं लगा. यह हजारीबाग पुलिस के लिए भी चौंकने वाली बात रही कि जहां एक बार छापेमारी की जा चुकी वहीं फिर से शराब चुपाने की हिम्मत तस्कर कैसे कर गए और आखिर उन्होंने कब शराब की ये खेप रख दी.

इस संबंध में सहायक उत्पाद पदाधिकारी संजय मेहता ने बताया गया कि जिस झोपड़ी से कल 400 पेटी विदेशी शराब की बरामदगी हुई थी. उसी झोपड़ी से आज विदेशी शराब की 200 पेटियां मिली हैं. उन्होंने बताया कि जब्त शराब की कीमत करीब 6 लाख रुपये हैं. इसे होली पर खपाने की योजना थी. लेकिन तस्करों के मंसूबे पर पानी फेर दिया गया.

दरअसल, रांची उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हजारीबाग के चौपारण थाना इलाके के गडमोरवा के सघन जंगली क्षेत्र स्थित एक घर में भारी मात्रा में शराब रखी गई है, जिसे होली के अवसर पर खपाने की योजना है. उसके बाद रांची उत्पाद विभाग की टीम यहां पहुंची और हजारीबाग उत्पाद विभाग के साथ मिलकर मंगलवार को छापेमारी की. इस दौरान यहां से 400 पेटी शराब जब्त की गई थी. जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है. 400 पेटियों में कुल 3500 लीटर शराब थी.

विभाग की इस कार्रवाई के 24 घंटे अंदर फिर से सूचना मिली कि उसी झोपड़ी में फिर भारी मात्रा में शराब रखी गई है. जिसके बाद आज छापेमारी कर कुल 200 पेटी शराब जब्त की गई. हालांकि मामले में अभी तक एक भी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. विभाग का दावा है कि तस्करों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगी.

Tags: Crime News, Hazaribagh news, Illegal Liquor Trader

Source link