न्यूज4बिहार/इसुआपुर : ऐतिहासिक महावीरी झंडा मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को इसुआपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रशिक्षु आईएएस सह एसडीएम सैयद आदिल मोहसिम ने की। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि, मेला आयोजन समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्राथमिक उपचार और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पूर्व के वर्षों की तरह इस बार भी महावीरी झंडा मेला भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
1985 से लगातार आयोजित हो रहा है मेला
बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि इसुआपुर का महावीरी झंडा मेला वर्ष 1985 से लगातार आयोजित होता आ रहा है। यह मेला क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और धार्मिक एकता का प्रतीक माना जाता है। मेले की ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसके बेहतर आयोजन पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, प्राथमिक उपचार और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
सरकारी मेले का दर्जा देने की उठी मांग
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने ऐतिहासिक महावीरी झंडा मेले को सरकारी मेले का दर्जा देने की मांग प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखी। अधिकारियों ने उनकी मांग को उचित माध्यम से आगे रखने का आश्वासन दिया।
ये पदाधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद
बैठक में डीसीएलआर धनंजय त्रिपाठी, एसडीपीओ मढ़ौरा-2 संजय कुमार सुधांशु, बीडीओ इं. सत्यम सिंह, सीओ रवि रंजन, सर्किल इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो और थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

वहीं जिला पार्षद छविनाथ सिंह, उपप्रमुख प्रतिनिधि डब्लू ओझा, व्यवसायी अमरनाथ प्रसाद, पूर्व सैनिक एमडी वारिस, पूर्व मुखिया राज किशोर सिंह, हाजी अमजद खान, अनवर हुसैन, डॉ. रणवीर सिंह, शंभू आशुतोष, बद्रीनारायण सिंह, संजय ओझा, जयप्रकाश महतो, विजय सिंह, राजेश सिंह कुशवाहा, ढोलन सिंह, शत्रुघ्न भगत और मदन सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महावीरी झंडा मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी।









