सहयोग RTMS पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की नगर आयुक्त ने की समीक्षा, 

रूपेश मिश्रा , कटिहार । नगर निगम कटिहार द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदनों के त्वरित और समयबद्ध निष्पादन को लेकर शनिवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक सभा प्रसाल भवन में अपराह्न 4:30 बजे हुई।

 

बैठक में सहयोग RTMS पोर्टल (Sahyog RTMS Portal) पर ऑनलाइन माध्यम तथा विभिन्न सहयोग शिविरों के जरिए प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित आवेदनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदनों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

नगर निगम कटिहार द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सहयोग शिविरों तथा ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना और शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाना है।