बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना शुरू, पटना में नीरज कुमार और अनुज सिंह के मुकाबले पर नजर

पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और सारण में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जा रही है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं।

पटना में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना एएन कॉलेज में हो रही है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 14, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सात टेबल लगाए गए हैं। मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सुबह 9 बजे से चुनावी रुझान मिलने की उम्मीद है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम पहले आने की संभावना है, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतों की संख्या अधिक होने के कारण नतीजे आने में देर हो सकती है। प्रथम वरीयता के मतों से परिणाम स्पष्ट नहीं होने पर दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। ऐसे में अंतिम नतीजे देर शाम तक आने की संभावना है।

पटना सीट पर दिलचस्प मुकाबला

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबले पर खास नजर रहेगी। मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि मतदाताओं का फैसला किसके पक्ष में आता है।

23 अक्टूबर को हुए चुनाव में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतगणना के नतीजों से बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों पर राजनीतिक तस्वीर साफ होगी।