संवाददाता भागलपुर –रविंद्र कुमार शर्मा
नवगछिया: पारिवारिक विवाद से परेशान अररिया जिले में प्रतिनियुक्त एक महिला सिपाही अपनी एक वर्षीय पुत्री के साथ नवगछिया रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने के इरादे से पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने महज पांच मिनट के अंदर मौके पर पहुंचकर महिला सिपाही और उसकी मासूम बच्ची को सुरक्षित बचा लिया।
बताया जा रहा है कि महिला सिपाही का पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपनी एक साल की बेटी को लेकर रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गई। महिला के आत्महत्या के प्रयास की मौखिक सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और महिला एवं बच्ची को सुरक्षित वहां से हटाकर नवगछिया आदर्श थाना ले आई।
पुलिस के अनुसार, महिला सिपाही अररिया जिले में प्रतिनियुक्त है और पारिवारिक विवाद के कारण वह काफी परेशान थी। डायल-112 की टीम की तत्परता से समय रहते दोनों की जान बचाई जा सकी। महिला और बच्ची को सुरक्षित स्थानीय थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।









