बीडीओ ने विद्यार्थियों से किया संवाद, लक्ष्य के प्रति मेहनत करने को किया प्रेरित।

   रूपेश मिश्रा, कटिहार /डंडखोरा।सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल डंडखोरा) में बीडीओ, डंडखोरा ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य, आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत और प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक भारतीय इतिहास एवं भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख घटनाओं की जानकारी दी गई। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके योगदान के माध्यम से बच्चों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।

विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि और सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी किसी प्रेरणादायक घटना या कहानी तैयार कर प्रस्तुत करने का गृहकार्य भी दिया गया। विद्यार्थियों ने संवाद के दौरान उत्साह और जिज्ञासा के साथ सवाल पूछे तथा अपने विचार साझा किए। अधिकारियों के अनुसार, विद्यार्थियों के साथ इस तरह का संवाद उन्हें बेहतर मार्गदर्शन देने और उनकी शैक्षणिक सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।