News4Bihar | छपरा:जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बढ़ाने और आम लोगों को सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सारण जिला प्रशासन ने एक नई पहल करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित स्कोर (SCOR) की बैठक में इस संबंध में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा। विशेष रूप से 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को रजिस्ट्री के लिए डोर-स्टेप सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय आने-जाने में परेशानी न हो और वे घर बैठे ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें।
इसके साथ ही जमीन खरीदने वाले लोगों को जमीन से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां आसानी से मिल सकें, इसके लिए निबंधन कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से जमीन की स्थिति, दस्तावेजों की जानकारी और रजिस्ट्री प्रक्रिया से जुड़े आवश्यक मार्गदर्शन लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक बनेगी तथा आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।










