जनगणना: द्वितीय बैच का तीन दिवसीय दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला शुरू

● थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल पर दें जोर, प्रतिदिन होगी जांच परीक्षा: जिलाधिकारी

छपरा : जनगणना कार्य के लिए आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला के द्वितीय बैच का प्रारम्भ गुरुवार को समाहरणालय सभागार में किया गया. प्रशिक्षण में सभी नगरीय, ग्रामीण, विशेष और प्रतिबंधित क्षेत्र के एक लिपिक, एक तकनीकी सहायक और एक कार्यपालक सहायक समेत कुल 150 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं. प्रधान जिला जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महापर्व है. इस बार की जनगणना भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी. इसे त्रुटि रहित और समय बद्धता के साथ सफल बनाना हम सबकी जिम्मेवारी है. उन्होंने कहा कि आपके पूर्व सभी चार्ज अधिकारी का तीन दिवसीय गहन प्रशिक्षण आयोजित किया जा चुका है. उन्हें सभी कार्यों की जानकारी है. परंतु तकनीकी कार्य आप सभी को करना है. चार्ज के स्तर पर निगरानी और समीक्षा की जाएगी. उन्होंने इसे सर्वोच्च राष्ट्रीय प्राथमिकता का कार्य बताया. कहा कि जितना अच्छा प्रशिक्षण होगा कार्य उतना ही सटीक और त्रुटि रहित होगा. उन्होंने कर्मियों को उनके कार्य और दायित्व को समझाते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर की योजनाओं का आधार होता है. जनगणना का मूल मंत्र है कि कोई भी व्यक्ति छूटे नहीं और किसी प्रकार का दोहरीकरण नहीं हो. जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के दो चरण हैं. पहले चरण में मकानसूचीकरण एवं मकान गणना किया जाएगा. इसे अप्रैल से मई माह में संपन्न कर लिया जाएगा. उन्होंने जनगणना के लिए बनाए गए विशेष पोर्टल सीएमएमएस एवं एचएलबीसी ऐप का संचालन आपको ही करना है. इसलिए पूरे मनोयोग से सीखने व हैंडस्ऑन करने का प्रयास करें. जिलाधिकारी ने प्रचार-प्रसार को महत्तवपूर्ण बताते हुए कहा कि हर नागरिक को पता होना चाहिए कि जनगणना हो रहा है. ताकि वे समय पर अपनी सूचनाएं दर्ज करा सकें. मोबाइल ऐप के माध्यम सेल्फ गणना का प्रावधान भी रखा गया है. कोई व्यक्ति अपना जनगणना स्वयं भी कर सकता है. उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड कार्य और पोर्टल प्रबंधन के बीच सटीक समन्वय रहे ताकि डेटा में जीरो एरर की स्थिति बनी रहे.

पीपीटी और लाइव डेमो से मिली जानकारी

प्रशिक्षण में पटना से आईं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर अदिती आनंद व जुली कुमारी ने सीएमएमएस पोर्टल के संचालन और हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्माण का लाइव डेमो दिया. इस दौरान कर्मियों की तकनीकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया. लगाए गए लैपटॉप पर लॉगइन कर हैंडस्ऑन कराया गया. सत्र समाप्ति पर तीस प्रश्नों के माध्यम से ऑनलाईन जांच परीक्षा और क्षमता आंकलन किया गया. मौके पर जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, अवर जनगणना अधिकारी सह डीआईओ तारणी कुमार, राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक सह सीसीएलआर सदर आलोक राज, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार लाल, सहायक जिला सांख्यिकी पदाधिकारी धर्मजय आदि उपस्थित थे.