सारण में रसोई गैस की कालाबाजारी पर सख्ती, डीएम के निर्देश पर 21 दंडाधिकारी तैनात

   News4Bihar | छपरा: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई देशों के बीच जारी युद्ध की स्थिति के कारण रसोई गैस और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इसे देखते हुए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिले में रसोई गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है, ताकि किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न हो सके।

प्रशासन की ओर से गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए जिले की सभी गैस एजेंसियों की निगरानी के लिए 21 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये दंडाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में गैस एजेंसियों की नियमित जांच करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी एजेंसी द्वारा कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं अनियमितता दिखे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।