News4Bihar | सारण जिले में प्रशासनिक नेतृत्व को नई दिशा देते हुए वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिले के 59वें जिलाधिकारी (DM) के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों से मुलाकात की और जिले की मौजूदा व्यवस्था एवं प्राथमिक चुनौतियों पर विस्तृत जानकारी ली।
नए DM ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना, सरकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना, तथा जनता से मिलने वाली शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन को शीर्ष प्राथमिकताओं में बताया।
नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई को प्रभावी बनाएं और हर स्तर पर जवाबदेही तय करें। साथ ही जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क-मरम्मत, आपदा प्रबंधन व समाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर देने की बात कही।
कार्यभार ग्रहण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और जिले की वर्तमान परियोजनाओं व विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।










