News4Bihar | सारण |छपरा के जगदम कॉलेज के समीप स्थित सुश्रुत हॉस्पिटल के संस्थापक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमरेश को गुरुग्राम में आयोजित एक भव्य समारोह में तीन राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन तथा मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
बताया गया कि डॉ. अमरेश का चयन पब्लिक ग्रुप ऑफ इंडिया द्वारा कराई गई देशव्यापी वोटिंग प्रक्रिया के माध्यम से हुआ। इस प्रक्रिया में पूरे देश से चयनित केवल 30 चिकित्सकों को यह विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया, जिनमें डॉ. अमरेश भी शामिल रहे। यह कार्यक्रम 10 दिसंबर (मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय दिवस) के अवसर पर गुरुग्राम स्थित होटल हॉलीडे इन में संपन्न हुआ।
समारोह में डॉ. अमरेश को उनकी उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाओं, सामाजिक सरोकारों तथा मरीजों के प्रति समर्पित देखभाल के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें पहला सम्मान “राष्ट्रीय चिकित्सा सेवा भूषण सम्मान–2025” से नवाजा गया, जो बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्री जीवेश कुमार मिश्रा द्वारा प्रदान किया गया।
दूसरा सम्मान “इंडियन डॉक्टर प्राइड अवार्ड–2025” रहा, जिसे प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे ने प्रदान किया। वहीं तीसरा सम्मान “ह्यूमनटेरियन एक्सीलेंस अवार्ड–2025” के रूप में उन्हें मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रोहित कुमार सिंह द्वारा प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. अमरेश वर्तमान में सारण जिला मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के जिला अध्यक्ष भी हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के साथ-साथ सामाजिक सेवा एवं मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए यह सम्मान उन्हें प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, तरैया विधायक जनक सिंह, बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह, मांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह, पूर्व विधायक मुद्रिका प्रसाद राय, सारण विकास मंच के संयोजक शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिले के चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों ने डॉ. अमरेश को बधाई देते हुए इसे सारण जिले के लिए गर्व की उपलब्धि बताया।










