News4Bihar सारण/इसुआपुर:सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती आखिरकार पंचायत के फैसले के बाद शादी तक पहुंच गई। इसुआपुर थाना क्षेत्र के निपानिया गांव में एक विवाहिता ने पंचायत के सामने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद ग्रामीणों और दोनों परिवारों की मौजूदगी में उसकी दूसरी शादी करा दी गई। अब यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, निपानिया गांव निवासी श्रवण कुमार दास की शादी करीब एक साल पहले सिधवलिया थाना क्षेत्र के बालरा गांव की नीरज कुमारी उर्फ शिखा देवी से मंदिर में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद चला गया। इसी दौरान महिला की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र निवासी प्रेम कुमार राम से हुई।
बताया जा रहा है कि चैटिंग और बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे प्यार में बदल गया। फरवरी महीने में महिला प्रेमी के घर भी पहुंच गई थी और उसके साथ रहने की जिद करने लगी थी। हालांकि उस समय परिजनों ने समझाकर उसे वापस भेज दिया था।
लेकिन बुधवार को मामला तब गरमा गया जब महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी को ससुराल बुला लिया। गांव में युवक के पहुंचते ही हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई भी कर दी। बढ़ते विवाद को देखते हुए गांव में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत में महिला ने साफ कहा कि वह अपने प्रेमी प्रेम कुमार राम के साथ ही रहना चाहती है। इसके बाद हैदराबाद में रह रहे पति श्रवण कुमार दास से फोन पर बात की गई। बताया जाता है कि पति की सहमति मिलने के बाद पंचायत ने फैसला सुनाया। प्रेमी के पिता से शपथ पत्र भरवाया गया और गुरुवार को दोनों की शादी करा दी गई।
इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। गांव में लोग इसे “इंस्टाग्राम वाले प्यार की पंचायत शादी” कहकर चर्चा कर रहे हैं।










