News4Bihar इसुआपुर (सारण): शादी का झांसा देकर एक युवती से 40 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इसुआपुर थाना में आवेदन देकर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान नगर पानी टंकी निवासी एक युवती ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी ऑनलाइन दोस्ती इसुआपुर थाना क्षेत्र के आता नगर गांव निवासी स्वर्गीय विजेंद्र सिंह के पुत्र अर्जुन कुमार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और करीब एक वर्ष तक दोनों संबंध में रहे।
युवती का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने मकान निर्माण कराने की बात कहकर उससे 40 हजार रुपये ले लिए। आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि मकान बन जाने के बाद वह उससे शादी करेगा, लेकिन अब वह शादी से साफ इनकार कर रहा है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि जब वह आरोपी के घर पहुंची तो वहां मौजूद परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद युवती ने थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में गौरव कुमार गौरव ने बताया कि युवती का कोर्ट में धारा 183 के तहत बयान दर्ज कराकर उसे स्वजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं आरोपी अर्जुन कुमार फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।










