Education News : काउंसलिंग से छूटे शिक्षकों को अंतिम मौका…

  News4Bihar | पटना:शिक्षा विभाग ने तीसरी एवं चौथी दक्षता परीक्षा पास उन शिक्षकों को बड़ी राहत दी है, जिनकी काउंसलिंग किसी कारणवश पूरी नहीं हो पाई थी। विभाग ने ऐसे शिक्षकों को एक अंतिम अवसर देते हुए 18 मई को काउंसलिंग कराने का निर्णय लिया है। अपरिहार्य स्थिति में 19 मई को भी काउंसलिंग की जाएगी।

दरअसल, प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए राज्यभर में 6 फरवरी से 11 फरवरी तक काउंसलिंग आयोजित की गई थी। लेकिन कई शिक्षक इसमें शामिल नहीं हो सके थे। अब विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अंतिम मौका होगा। इसके बाद अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक स्वयं जिम्मेदार माने जाएंगे।

इसके साथ ही जिन शिक्षकों के दस्तावेज सत्यापन के दौरान एक या अधिक प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए थे, उन्हें भी सही दस्तावेज अपलोड करने का अवसर दिया गया है। इसके लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का पोर्टल 11 मई से 15 मई तक खुला रहेगा।