महराजगंज ब्रेकिंग: नकली-नशीली दवाओं पर बड़ा एक्शन, सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी से हड़कंप

News4Bihar | महराजगंज/ यूपी : जिले में नकली और नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नामी कंपनियों के नाम पर अवैध कारोबार की शिकायत मिलने के बाद ड्रग विभाग और प्रशासनिक टीम ने सीमावर्ती क्षेत्रों के कई मेडिकल स्टोरों पर एक साथ छापेमारी की।

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के अहम प्रवेश द्वार सोनौली बॉर्डर समेत आसपास के पगडंडी मार्गों के किनारे स्थित मेडिकल दुकानों को जांच के दायरे में लिया गया।

छापेमारी की खबर फैलते ही मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया, कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। टीम ने संदिग्ध दवाओं की जांच शुरू कर दी है और अवैध तस्करी के संभावित नेटवर्क की पड़ताल भी की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ स्थानों पर नामी कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं बेचे जाने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद यह संयुक्त कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पूरे इलाके में इस कार्रवाई के बाद हलचल तेज है और ड्रग विभाग की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।