News4Bihar | महराजगंज/यूपी | भारत-नेपाल सीमा से सटे निचलौल कस्बे के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 100 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक रोडवेज बस स्टेशन निर्माण को मंजूरी दे दी गई है।
यह बस स्टेशन पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जिसमें यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसमें एस्केलेटर, शॉपिंग एरिया, वेटिंग लाउंज और अन्य हाईटेक सुविधाएं शामिल होंगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सिसवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेम सागर पटेल की पहल पर स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि निचलौल तहसील स्थित मौजूदा बस डिपो को पूरी तरह आधुनिक रूप दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी।
यह परियोजना सामरिक और पर्यटन दृष्टिकोण से भी बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि निचलौल भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है। आधुनिक बस स्टेशन बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है, और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी छलांग के रूप में देखा जा रहा है।










