News4Bihar | सीवान | बसंतपुर थाना क्षेत्र के खेढ़वा पंचायत में 21 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रसिद्ध खेढ़वा मेला को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सोमवार को काली माता मंदिर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महाराजगंज एसडीएम अनीता सिंहा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सीओ धीरज पांडेय और बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने मेला परिसर में पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर निगरानी को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और स्वयंसेवकों की तैनाती सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। मेला आयोजन समिति को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुचारू रखने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान मंदिर के पुजारी राम आधार पर्वत, खेढ़वा पंचायत के उपमुखिया गोविंद शाह, सरपंच फौजदार राय, भावी मुखिया प्रत्याशी व्यास हलचल हरेंद्र, धर्मेंद्र साह, जितेंद्र साह, अनीश कुमार, अमीन सुनील कुमार, नीतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मेला आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि 21 अगस्त को होने वाले खेढ़वा मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
वेब: www.news4bihar.in










