News4Bihar | सीवान: बिहार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा आयोजित उत्पाद अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार, 12 जुलाई को सीवान जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित होगी। परीक्षा एकल पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी, जिसमें कुल 8,280 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र साथ रखने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं देने को कहा गया है।
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने सीवान से मुजफ्फरपुर के बीच विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन (संख्या 05106) चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन अपराह्न 3:00 बजे सीवान से प्रस्थान कर दरौंधा, एकमा, छपरा, दिघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, भगवानपुर, बेनीपुर, गोरौल और तुर्की सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरते हुए शाम 7:40 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सभी नियमों का पालन करें और उपलब्ध कराई गई विशेष ट्रेन सेवा का लाभ उठाएं।










