तरैया में निजी क्लिनिक में चिकित्सक की लापरवाही से फिर एक बच्चे की मौत

◆ परिजनों का हंगामा, एक सप्ताह में यह दूसरी घटना

तरैया,(सारण)। थाना क्षेत्र में देवरिया रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में शनिवार को इलाज के दौरान एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक पर जमकर हंगामा किया। एक सप्ताह के अंदर लापरवाही से हुई यह दूसरी मौत बताई जा रही है। मृतक की पहचान फ़रिदनपुर गांव निवासी अजय राम के 12 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार के रूप में हुई है। मृतक के चाचा रामेश्वर राम ने बताया कि विक्की को तेज बुखार था, जिसके बाद उसे शनिवार कि सुबह में क्लिनिक में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की अनुपस्थिति में क्लिनिक में मौजूद कम जानकार कंपाउंडरों ने बच्चे को सलाइन चढ़ाना शुरू कर दिया। जब परिजनों ने कंपाउंडर से बच्चे की स्थिति के बारे में पूछा, तो उन्हें आश्वस्त किया गया कि कोई खतरा नहीं है और बच्चा ठीक हो जाएगा। हालांकि, सलाइन चढ़ाने के महज चार घंटे के भीतर ही बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और क्लिनिक स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, तरैया में अवैध और बिना योग्यता के चल रहे निजी क्लिनिकों में मरीजों की जान से खिलवाड आम बात हो गई है। एक ही सप्ताह के अंदर यह दूसरी घटना है। घटना के बाद रोते-बिलखते परिजनों ने तरैया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।