भेल्दी (सारण)। अमनौर प्रखंड के सराय बक्स स्थित महर्षि श्रीधर बाबा नयन ज्योति अस्पताल परिसर में शनिवार को संत शिरोमणि देवरहा बाबा की 36वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और देवरहा बाबा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत देवरहा बाबा की प्रतिमा के महाभिषेक, पूजन और आरती से हुई। इसके बाद संत श्रीधर बाबा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु की कृपा से ही जीवन में ज्ञान, सफलता और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि देवरहा बाबा भगवान के स्वरूप थे और उनके दर्शन मात्र से लोगों के पाप और कष्ट दूर हो जाते थे। उनके बताए आदर्शों और मार्ग पर आज भी देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देवरहा बाबा की भविष्यवाणी के अनुरूप अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर दर्जनों बच्चों के बीच कॉपी और कलम का वितरण कर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
पूर्व प्राचार्य अंबिका राय ने कहा कि संत श्रीधर बाबा ने अपने गुरु देवरहा बाबा की स्मृति में कॉलेज, अस्पताल और धर्मशाला का निर्माण कर गुरु-भक्ति की अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे कितना भी बड़ा क्यों न बन जाए, उसे अपने गुरु और माता-पिता को कभी नहीं भूलना चाहिए।
समाजसेवी संजीत सिंह ने कहा कि भारत संतों और महात्माओं की पावन भूमि है, जिनके आदर्श समाज को सदैव सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में रवि सिंह, डॉ. प्रभु यादव, डॉ. कृष्णा यादव, डॉ. दीपक कुमार, महेश राय, दिनेश राय, अजय राय सहित कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।










