♦ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा के पत्र के आलोक में आयोजित हुआ प्रशिक्षण शिविर, विद्यार्थियों को दी गई स्काउटिंग की बुनियादी जानकारी
छपरा :- भारत स्काउट और गाइड, सारण के तत्वावधान में वी०एन०एस०एस० मंदिर, मुसेपुर में प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा, सारण के पत्र के आलोक में किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों, स्काउट प्रतिज्ञा एवं नियम, प्रार्थना, झंडा शिष्टाचार, मार्च पास्ट, प्राथमिक चिकित्सा, गांठ एवं बंधन तथा दैनिक जीवन में उपयोगी विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार, अनुशासित एवं सेवाभावी नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री सत्येन्द्र नारायण सिंह एवं प्रधानाचार्य *श्री सचिन भारद्वाज* का महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में शिक्षक *विकास कुमार सिंह, मोहित कुमार सिंह, निशा कुमारी एवं मुस्कान कुमारी* की सक्रिय सहभागिता रही।
शिविर के सफल आयोजन पर भारत स्काउट और गाइड, सारण की ओर से विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।









