- 22 से 28 सितंबर तक चलेगा विशेष अभियान, सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक पंचायत स्तर पर होगी आवेदन प्रक्रिया
छपरा, 22 सितंबर 2026। सारण जिले में भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान बसेरा-2 के तहत आज से विशेष शिविरों की शुरुआत हो गई है। जिले की सभी 318 पंचायतों में 22 से 28 सितंबर 2026 तक लगातार सात दिनों तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र भूमिहीन परिवारों से वास भूमि के पर्चा के लिए आवेदन लिए जाएंगे और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। आवेदन जमा करने के लिए निर्धारित प्रपत्र और पंजी की व्यवस्था पंचायत स्तर पर की गई है। आवेदन प्रपत्र में क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा।
आवेदन में परेशानी हो तो पंचायत स्तर पर मिलेगी सहायता
जिन लोगों को आवेदन प्रपत्र भरने में कठिनाई होगी, उनकी सहायता के लिए पंचायत स्तर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। आवेदन भरने के बाद आवेदक को निर्धारित स्थान पर हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान करना होगा और आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे।
शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का पंजी में विधिवत संधारण किया जाएगा तथा पात्र आवेदनों पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई शुरू की जाएगी।
महादलित टोलों में विशेष प्रचार-प्रसार
जिला प्रशासन ने अभियान की जानकारी अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया है। पंचायत स्तर पर फ्लेक्स, होर्डिंग, संध्या चौपाल, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य संचार माध्यमों से लोगों को जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा पंचायत सचिव, विकास मित्र, स्वच्छता कर्मी एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक को घर-घर जाकर लोगों को शिविर की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। जीविका के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
विशेष रूप से महादलित टोलों में रहने वाले पात्र भूमिहीन परिवारों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया है।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी प्रचार
अभियान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रिकॉर्डेड संदेश के माध्यम से भी प्रचार किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारियों को शिविरों की तैयारियों और संचालन की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। प्रत्येक पंचायत में पर्याप्त कर्मियों, आवेदन प्रपत्र, पंजी और अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीएम ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
इस संबंध में जिला पदाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, जिला पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान की पूरी जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में विशेष शिविर की व्यवस्था, आवेदन लेने की प्रक्रिया, पावती दिए जाने तथा आवेदन के बाद होने वाली कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी गई। डीएम ने प्रेस प्रतिनिधियों के माध्यम से भी अधिक से अधिक पात्र भूमिहीन परिवारों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने और उन्हें शिविर का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
पंचायत में ही जमा होगा आवेदन, कहीं और जाने की जरूरत नहीं
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वास स्थल के लिए भूमि बंदोबस्ती का मामला संबंधित अंचल स्तर से जुड़ा है, लेकिन आवेदन जमा करने के लिए पात्र परिवारों को कहीं और जाने की आवश्यकता नहीं है।
पात्र भूमिहीन परिवार 22 से 28 सितंबर के बीच अपने संबंधित पंचायत में आयोजित विशेष शिविर में ही आवेदन जमा कर सकते हैं। पंचायत स्तर पर आवेदन प्राप्त होने के बाद उसे संबंधित प्रक्रिया के तहत आगे भेजा जाएगा।
जिला प्रशासन की अपील है कि अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र कोई भी भूमिहीन परिवार इस अवसर से वंचित न रहे और निर्धारित अवधि में अपने पंचायत के विशेष शिविर में पहुंचकर वास भूमि के पर्चा के लिए आवेदन अवश्य करे।










