छपरा। छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के समीप स्थित हवाई अड्डा परिसर में देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की पत्थर से कूचकर हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल फोन, खून लगा कपड़ा और वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले पत्थर समेत कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए।
घटना की सूचना मिलने के बाद SSP ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान को लेकर जांच कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह क्या है और युवक की हत्या किसने की, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हत्या से जुड़े पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।










