सारण के भूमिहीन परिवारों के लिए बड़ी खबर, 22 से 28 सितंबर तक पंचायतों में लगेंगे विशेष शिविर

सारण। जिले के भूमिहीन परिवारों के लिए राहत और उम्मीद की बड़ी खबर सामने आई है। अभियान बसेरा-2 के तहत सारण जिले की सभी 318 पंचायतों में 22 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक लगातार सात दिनों तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र भूमिहीन परिवारों से वास भूमि के पर्चा के लिए आवेदन लिए जाएंगे।

सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा शिविर

जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार विशेष शिविर प्रत्येक दिन सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। पंचायत स्तर पर आवेदन प्रपत्र, पंजी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। आवेदन भरने में किसी तरह की परेशानी होने पर संबंधित कर्मियों द्वारा आवेदकों को आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

घर-घर जाकर लोगों को दी जाएगी जानकारी

जिला प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है। पंचायत सचिव, विकास मित्र, जीविका सहित अन्य कर्मियों को पात्र परिवारों तक जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।

खास तौर पर महादलित टोलों में रहने वाले पात्र भूमिहीन परिवारों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवेदन से वंचित न रह जाए।

पंचायत में ही जमा करें आवेदन

जिला प्रशासन ने पात्र भूमिहीन परिवारों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान अपने संबंधित पंचायत में आयोजित विशेष शिविर में ही आवेदन जमा करें। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई संबंधित अंचल स्तर से की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य अभियान बसेरा-2 के माध्यम से पात्र भूमिहीन परिवारों को वास भूमि का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को तेज करना है। ऐसे में पात्र परिवारों के लिए यह शिविर महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।