रूपेश मिश्रा, (कटिहार)बिहार । बेटी के जन्म को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली एक खूबसूरत तस्वीर कटिहार में देखने को मिली। हृदयगंज सिमर बागान स्थित झा परिवार में नवजात बेटी के घर आगमन को उत्सव की तरह मनाया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मां और नवजात को बैंड-बाजे के साथ घर लाया गया। परिवार के सदस्य खुशी में नाचते-गाते हुए घर पहुंचे।
बताया गया कि 17 सितंबर को स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजना झा के निजी क्लीनिक में ध्रुव चंद्र झा के घर दूसरी संतान के रूप में बेटी ने जन्म लिया। परिवार ने प्यार से बच्ची का नाम ‘लुक्कू’ रखा है, जबकि घर में उसे ‘परी’ कहकर पुकारा जा रहा है।
20 सितंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मां शौमिल झा और नवजात बच्ची को बैंड-बाजे के साथ घर लाया गया। घर के दरवाजे पर पहले से ही परिवार के लोग स्वागत के लिए मौजूद थे। दादी ने पोती की आरती उतारी और मंगल गीतों के बीच उसका स्वागत किया। इसके बाद परिवार के लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
बेटी के स्वागत के दौरान परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। दादा ध्रुव चंद्र झा ने कहा कि पोती के आने से घर में खुशियां आई हैं। उन्होंने बेटी के जन्म को परिवार के लिए सौभाग्य का अवसर बताया।
परिवार ने इस मौके को केवल उत्सव तक सीमित नहीं रखा, बल्कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश भी दिया। परिवार की ओर से कहा गया कि बेटियों को जन्म से ही प्यार, सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए। उन्हें शिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना परिवार और समाज की जिम्मेदारी है।










