• कर्मियों व सुरक्षा बल को सिखाये गये बचाव के तरीके
छपरा : ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को फायर फाइटिंग प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी रंजीत कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में वेयरहाउस में प्रतिनियुक्त पुलिस बल, सुरक्षा कर्मियों और निर्वाचन कर्मियों को आपात स्थिति में अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल की जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं एसएसपी रोशन कुमार ने कहा कि ईवीएम बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्वाचन सामग्री है। इसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में वेयरहाउस में लगे अग्निशमन उपकरणों के संचालन और रखरखाव की जानकारी सुरक्षा में तैनात प्रत्येक कर्मी को होना आवश्यक है, ताकि आग जैसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अग्निशमन दल के कर्मियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीओटू और पाउडर फायर डिस्टिंग्विशर के सही इस्तेमाल का तरीका बताया। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के रखरखाव, उनकी कार्यशीलता अवधि की जांच और आपात स्थिति में उनके उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गयी। आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर उस पर काबू पाने के उपाय भी समझाये गये।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने कहा कि आग लगने की घटना में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। समय पर अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर बड़े नुकसान को रोका जा सकता है। उन्होंने कर्मियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से घर और प्रतिष्ठान में भी फायर डिस्टिंग्विशर रखने की अपील की।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल, वेयरहाउस के नोडल अधिकारी सह उप नगर आयुक्त अरशद इमाम, निर्वाचन शाखा के सहायक प्रशाखा पदाधिकारी विनय चौधरी, नाजिर सतीश कुमार, लिपिक अशोक कुमार पासवान समेत विकास कुमार, प्रसन्नजीत कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह और वेयरहाउस में प्रतिनियुक्त पुलिस बल के जवान मौजूद थे।










