- जिला मुख्य आयुक्त हरेंद्र प्रसाद सिंह ने फीता काटकर किया उद्घाटन, 20 प्रखंडों से पहुंचे 300 स्काउट-गाइड
छपरा।भारत स्काउट और गाइड, सारण के लिए आज का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। शिक्षा भवन परिसर में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए कक्ष में भारत स्काउट और गाइड सारण के जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। जिला कार्यालय के लिए कक्ष जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। गौरतलब है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण भारत स्काउट और गाइड के अध्यक्ष भी हैं।
नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन जिला मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट और गाइड सारण, हरेंद्र प्रसाद सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य/प्राचार्या, स्काउट-गाइड पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं 20 प्रखंडों से चयनित करीब 300 स्काउट एवं गाइड शामिल हुए। स्काउट-गाइड की उपस्थिति और उत्साह से पूरा परिसर स्काउटिंग की ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर जिला आयुक्त (स्काउट) अरुण परासर, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज, संयुक्त जिला सचिव डॉ. सुषमा सिंह, जिला आयुक्त (रोवर) सुदीप कुमार, क्वार्टरमास्टर राकेश कुमार, जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य/प्राचार्या, जिला प्रशिक्षक प्रणव, आशुतोष, सोनू, विकास एवं अभिषेक कुमार सिंह, कार्यालय सहायक खुशी ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
नए कार्यालय से जिले में स्काउटिंग गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार
जिला भवन परिसर में कार्यालय उपलब्ध होने से भारत स्काउट और गाइड सारण की गतिविधियों को अब और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। जिला कार्यालय के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों के साथ बेहतर समन्वय, प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन, स्काउट-गाइड के पंजीकरण एवं प्रशिक्षण तथा सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा भवन परिसर में जिला कार्यालय की स्थापना सारण में स्काउटिंग आंदोलन के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह कार्यालय जिले के स्काउट एवं गाइड, स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टेन तथा विद्यालयों के लिए एक सशक्त समन्वय केंद्र के रूप में कार्य करेगा।









