- बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे प्रभारी मंत्री उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने अधिकारियों से ली जमीनी स्थिति की जानकारी, प्रभावित लोगों तक हरसंभव मदद पहुंचाने का दिया निर्देश
छपरा (सारण)। सारण जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच माननीय उप मुख्यमंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा प्रभावित लोगों के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने प्रभारी मंत्री को जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। प्रभावित क्षेत्रों में आश्रय स्थल, सामुदायिक किचन, मेडिकल टीम, पशु कैंप, नाव सहित अन्य राहत सुविधाएं संचालित की जा रही हैं।
क्षतिग्रस्त तटबंधों की युद्धस्तर पर मरम्मती:
जिला पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में बाढ़ सुरक्षात्मक एवं मरम्मती कार्य लगातार जारी हैं। जहां-जहां तटबंध अथवा बांध क्षतिग्रस्त या टूटे हैं, वहां संबंधित विभागों की टीमें युद्धस्तर पर मरम्मती एवं सुरक्षात्मक कार्य में जुटी हैं। प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं तथा स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
राहत कार्यों को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर:
प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी लेने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार सक्रिय रखने तथा प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील:
जिला प्रशासन ने आमलोगों से अपील की है कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी लोग सजग एवं सतर्क रहें। अनावश्यक आवागमन से बचें और अपने परिवार एवं परिजनों के साथ सुरक्षित स्थान पर रहें। प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा जिला एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर लोग प्रशासन द्वारा बनाए गए आश्रय स्थलों में जाएं और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
इस मौके पर क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार आदि अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे।









