छपरा (सारण)। जिले के पानापुर प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई (जीविका), पानापुर द्वारा संपोषित अर्पण जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा पंचायत सरकार भवन, भोरहा के सभागार में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएलएफ अध्यक्ष मीना देवी ने की। आमसभा का उद्घाटन अध्यक्ष मीना देवी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा, सचिव पूजा देवी एवं कोषाध्यक्ष गीता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आमसभा में बसहियां, भोरह एवं कोंध संकुल संघ से जुड़े विभिन्न ग्राम संगठनों और स्वयं सहायता समूहों की सैकड़ों जीविका दीदियों, सामुदायिक कैडरों एवं परियोजना कर्मियों ने भाग लिया। सभा के प्रारंभ में सीएलएफ सचिव पूजा देवी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रमुख उपलब्धियों, आय-व्यय एवं ऑडिट रिपोर्ट का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।
अध्यक्षीय संबोधन में मीना देवी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्राथमिक लक्ष्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अर्पण सीएलएफ का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक गरीब एवं वंचित परिवार को आत्मनिर्भरता की मुख्यधारा से जोड़ना है। आगामी वर्ष में किसी भी जरूरतमंद दीदी को आजीविका के साधन से वंचित नहीं रहने देने, समूहों एवं ग्राम संगठनों के लेन-देन को समयबद्ध तरीके से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज करने तथा शत-प्रतिशत पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, सरकारी बीमा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा ने कहा कि सीएलएफ ग्रामीण परिवर्तन और महिला नेतृत्व की सशक्त मिसाल बन चुका है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में समूहों द्वारा वित्तीय अनुशासन, नियमित बचत एवं समय पर ऋण वापसी का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। जीविका दीदियां बैंक लिंकेज एवं सीएलएफ की वित्तीय सहायता से डेयरी, उन्नत खेती और लघु उद्यम संचालित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाएं अब पारंपरिक सीमाओं को तोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रही हैं।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम संगठनों एवं सक्रिय सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को प्रमोद कुमार, राज श्री, मान्यता कुमारी, अभिषेक कुमार, मुन्ना कुमार, रानावती देवी, सरिता देवी, चन्द्रदीप कुमार, कुन्दन कुमार एवं सुषमा कुमारी ने भी संबोधित किया।
अंत में सीएलएफ कोषाध्यक्ष गीता देवी ने अतिथियों, जीविका दीदियों एवं परियोजना कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ वार्षिक आमसभा का समापन हुआ।










