वसुधा जीविका संकुल संघ की वार्षिक आमसभा आयोजित, वित्तीय वर्ष 2025-26 में संकुल संघ ने करीब 13 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा किया अर्जित

  • 11,517 जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीविका गतिविधियों के विस्तार पर जोर

छपरा (सारण)। मशरक में वसुधा जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक आमसभा में संकुल संघ की वर्षभर की गतिविधियों, उपलब्धियों और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। आमसभा में आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा कर आजीविका गतिविधियों के विस्तार और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर सहमति बनी।

संकुल संघ की अध्यक्ष बेबी देवी ने आमसभा में ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वसुधा जीविका संकुल संघ से 909 स्वयं सहायता समूह जुड़े हैं, जिनमें करीब 11,517 जीविका दीदियां सक्रिय हैं। महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संकुल संघ की ओर से विभिन्न आजीविका गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पोशाक की सिलाई तथा तिरंगा झंडे का निर्माण प्रमुख है। इन गतिविधियों से वित्तीय वर्ष 2025-26 में संकुल संघ ने करीब 13 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया।

आमसभा को संबोधित करते हुए मशरख प्रखंड के प्रखंड परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार ने जीविका दीदियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार हैं। समूहों के माध्यम से मिलने वाले ऋण का सदुपयोग कर महिलाओं को नए उद्यम और आजीविका गतिविधियां शुरू करनी चाहिए।

प्रबंधक आईबीसीबी मुकेश कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की मजबूती उनके मूलभूत नियमों के प्रभावी अनुपालन पर निर्भर करती है। नियमित बैठक, बचत, समय पर ऋण की वापसी, आपसी सहयोग और वित्तीय पारदर्शिता समूह की सफलता के लिए जरूरी हैं। इन नियमों का निरंतर पालन समूहों को मजबूत और टिकाऊ बनाने के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडर और बेहतर कार्य करने वाली जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया। अध्यक्ष बेबी देवी ने आगामी वित्तीय वर्ष में आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने, व्यवसाय को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

मंच संचालन सामुदायिक समन्वयक पूजा कुमारी ने किया, जबकि आयोजन की देखरेख क्षेत्रीय समन्वयक पुलस कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में जिला स्तर से प्रबंधक स्वास्थ्य विशाल कुमार, प्रबंधक संचार दीपक कुमार, प्रबंधक पशुधन मनोहर कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी माया यादव एवं प्रभाकर कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक के प्रबंधक, प्रखंड कार्यालय के कर्मी, जीविका के विभिन्न कैडर तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लिया। आमसभा में महिलाओं ने संकुल संघ की उपलब्धियों और आजीविका गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इसकी जानकारी जीविका, सारण कार्यालय से दीपक कुमार ने दी है।