News4Bihar(सारण)। मढ़ौरा अनुमंडल क्षेत्र में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मढ़ौरा चीनी मिल खेल मैदान में आयोजित अनुमंडल स्तरीय मुख्य राजकीय समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी.
समारोह के दौरान एसडीएम निधि राज और डीएसपी संविदर कुमार दास ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया। परेड में पुलिस बल के साथ विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में ट्विंकल स्कूल के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और बिहार गीत के साथ हुआ।
परेड में विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन
परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को एसडीएम एवं डीएसपी ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया। आदर्श मध्य विद्यालय मढ़ौरा (गर्ल्स ग्रुप) ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं ग्लोबल स्कूल एवं ट्विंकल स्कूल ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। हाई स्कूल शिल्हौरी एवं गर्ल्स मिडिल स्कूल मढ़ौरा को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला।
पुलिस टुकड़ी के परेड में उत्कृष्ट योगदान के लिए मढ़ौरा एसएचओ राजकिशोर प्रसाद एवं परेड कमांडर राहुल श्रीवास्तव को विशेष सम्मान देते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विभिन्न स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर भी ध्वजारोहण किया गया। अंबेडकर पार्क में विधायक जितेंद्र कुमार राय ने तिरंगा फहराया। नगर परिषद कार्यालय में मुख्य पार्षद रूबी सिंह, अनुमंडलीय अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार, मढ़ौरा थाना में थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद तथा मढ़ौरा उच्च विद्यालय में प्रधानाचार्य सतीश प्रसाद राय ने ध्वजारोहण किया।
इसके अलावा रामजीवन सिंह शहीद स्मारक पर कांग्रेस नेता लालबाबू गिरी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नरहरपुर में प्रधानाचार्य एवं राजकीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक सूर्यदेव कुमार सहित विभिन्न संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अनुमंडल क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और जगह-जगह भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।










