नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत दिलाई गई शपथ

इसुआपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को इसुआपुर प्रखंड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में प्रखंड मुख्यालय स्थित जीविका कार्यालय परिसर में प्रखंड विकास पदाधिकारी इं. सत्यम सिंह की उपस्थिति में अधिकारियों और कर्मियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। वहीं, सढ़वाड़ा स्थित शांति रमन प्रोजेक्ट बालिका प्लस टू विद्यालय में छात्राओं एवं शिक्षकों ने भी नशे से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया गया।