इसुआपुर: प्रखंड क्षेत्र में चेन स्नेचरों की बढ़ती सक्रियता से महिलाओं में दहशत का माहौल है। बीते एक सप्ताह के भीतर इसुआपुर बाजार में दो महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही वारदातों ने खासकर नौकरीपेशा और स्कूल जाने वाली महिलाओं की चिंता बढ़ा दी है।
शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे अचितपुर चौक पर एमपीएस स्कूल, मुड़वां खास की शिक्षिका ममता कुमारी छपरा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया।
शिक्षिका ने बताया कि जैसे ही बदमाशों ने चेन खींची, उन्होंने तुरंत उसे कसकर पकड़ लिया। इससे चेन बीच से टूट गई। चेन का एक हिस्सा बदमाशों के हाथ लग गया, जबकि दूसरा हिस्सा उनके दुपट्टे में फंस गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश उत्तर दिशा की ओर बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद रोती-बिलखती शिक्षिका ने जब अपना दुपट्टा झाड़ा तो चेन का बचा हुआ हिस्सा जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाकर शिक्षिका को सौंप दिया।
सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश में उत्तर दिशा की ओर अभियान चलाया, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसुआपुर मुख्य बाजार के बीचोंबीच एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी। लगातार दूसरी घटना के बाद क्षेत्र की महिलाओं में भय का माहौल है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में पढ़ाने जाने वाली शिक्षिकाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं, क्योंकि उनके आने-जाने का समय तय होने के कारण बदमाश उन्हें आसानी से निशाना बना रहे हैं।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी। साथ ही चेन स्नेचरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।










