खैरा–मढ़ौरा मुख्य सड़क पर जलजमाव से फूटा जनाक्रोश, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

● वर्षों से जलनिकासी की समस्या से परेशान लोगों ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग

News4Bihar | नगरा प्रखंड क्षेत्र के खैरा–मढ़ौरा मुख्य सड़क पर वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की।

प्रदर्शन में मढ़ौरा विधानसभा के पूर्व एनडीए समर्थित प्रत्याशी अंकित कुमार एवं जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष साजिद आलम सोनू भी शामिल हुए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों से लोग जलजमाव की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बरसात के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों, दुकानदारों, स्कूली बच्चों और बाजार आने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, लेकिन संबंधित विभाग अब तक गंभीर नहीं दिखा।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द जलनिकासी और सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस मौके पर धीरज सिंह, श्रीकांत सोनी, मनीष राय, शब्बीर अहमद, राहुल कुमार, छोटू राउत, मो. ईशा, राजा व्याहूत, राजन कुमार, सोनू शर्मा, महेश प्रसाद, आरिफ अहमद, मंजूर अंसारी, अमरनाथ प्रसाद, संदीप कुमार, आलमगीर, राकेश कुमार, मो. वसीम, चंदन सोनी, जनक कुशवाहा, ओम प्रकाश, प्रेम सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।