छपरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग

News4Bihar | सारण में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में आक्रोश मार्च निकाल कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया. इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व छात्र नेता विकाश तिवारी, देवेंद्र कुमार ने की. इस दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षाओं में हो रही धांधली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया.

● लाखों छात्रों के भविष्य के साथ हो रहा है खिलवाड़: कैरियर मेंटर अर्जुन सिंह 

इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित जे. पी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता व कैरियर मेंटर अर्जुन सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश के अनगिनत मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन किसी न किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक कराकर छात्रों के मनोबल को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा रहा है. सालों तक कड़ी मेहनत करने वाले युवाओं का भरोसा इस पूरी चयन प्रक्रिया से उठ चुका है। श्री सिंह ने कहा कि शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लंबे समय भूख हड़ताल पर हैँ और शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठा रहे हैं. ऐसे मामलों में सरकार को टकराव के बजाय संवाद का रास्ता अपनाकर सकारात्मक समाधान निकालना चाहिए, उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि देश के भविष्य निर्माण की मजबूत नींव है. इसलिए छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े सरोकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए. कार्यक्रम के माध्यम से इस कुंभकर्णी सरकार को नींद से जगाने का काम किया गया .अब पुतला दहन कर तानाशाह सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी जा रही है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर सरकार अब भी नहीं जागी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त नहीं किया गया, तो केंद्र की इस छात्र विरोधी सरकार का पिण्डदान भी कर दिया जाएगा.

विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र व छात्र नेता रहे उपस्थित इस आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन के मौके पर अभिमन्यु विश्वकर्मा, सामाजिक कार्यकर्त्ता मनोरंजन सिंह, रामबाबू सिंह, कृष्णकांत सौरभ उर्फ मुखिया जी, नीतीश कुमार, शादाब अहमद मजहरी, रोहित राज, राजू साह (मुखिया), पप्पू यादव सूरज यादव ,के साथ मुख्य रूप से मौजूद थे.