इसुआपुर में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कारोबारी गिरफ्तार

इसुआपुर में अंग्रेजी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार, 7 पीस शराब बरामद

इसुआपुर (सारण): स्थानीय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के शामकौरियां बाजार स्थित मंदिर के समीप छापेमारी कर एक शराब कारोबारी को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को छपरा जेल भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव ने बताया कि सोमवार की देर संध्या पुलिस टीम क्षेत्र में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि शामकौरियां बाजार स्थित मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस बल की सतर्कता और तत्परता से उसे खदेड़ कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7 पीस ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महुली गांव निवासी तारकेश्वर भगत के पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।