सत्संग ही ईश्वर की प्राप्ति का सरल मार्ग है – पंकज जी महाराज 

News4Bihar | इसुआपुर : संत महात्मा आम आवाम की भलाई का संदेश लेकर आते हैं। वे भागवत कथा तथा भजन कीर्तन के माध्यम से लोगों को परोक्ष रूप से परमात्मा के करीब ले जाते हैं। जिससे जीव का कल्याण होता है। उक्त बातें जय गुरुदेव प्रचारक पंकज जी महाराज ने प्रखंड के उसरी कला गांव स्थित माई राम के मठिया परिसर में गुरुवार को सत्संग के दौरान कही। वे यहां जय गुरुदेव अनुयायियों द्वारा आयोजित अपने छठे पड़ाव के दौरान आए थे। आपके मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सत्संग ही ईश्वर प्राप्ति का सरल मार्ग है। संसार के हर प्रकार के कष्ट भगवत कथा तथा भजन कीर्तन से ही दूर होंगे। साथ ही कहा कि उनके धर्मगुरु जय गुरुदेव जी महाराज ने आजीवन 116 वर्षों की उम्र तक अथक परिश्रम कर के करोड़ों लोगों का हृदय परिवर्तन किया है। उन्हें शाकाहारी, सदाचारी एवं नशा मुक्त बनाया है। उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि आने वाला समय अच्छा नहीं है। कुदरत बुरे कर्मों से नाराज है। वह कब कैसी करवट बदल दे, कुछ कहा नहीं जा सकता। इसलिए हमें अच्छे कर्मों के साथ ईश्वर की आराधना करनी होगी। तभी हमारा कल्याण संभव है। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख मितेंद्र प्रसाद यादव, संजय राय, रामसेवक सिंह, विकास कुमार, ओम प्रकाश सिंह, कृष्णा राय सहित सैकड़ों श्रद्धालु अनुयायी तथा भक्तगण थे।