मृत्यु भोज के बहिष्कार की पहल को मिला समर्थन, राजद नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह ने अशोक कुमार यादव को किया सम्मानित

   News4Bihar | इसुआपुर। प्रखंड के केरवां गांव निवासी राजद के युवा व कर्मठ नेता अशोक कुमार यादव द्वारा मृत्यु भोज के बहिष्कार की पहल का तरैया विधानसभा के पूर्व राजद प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि यदि समाज सामूहिक रूप से इस तरह के निर्णय ले, तो कई सामाजिक कुरीतियों और बुराइयों को समाप्त किया जा सकता है। इस पहल के लिए उन्होंने अशोक कुमार यादव को सम्मानित भी किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

शैलेंद्र प्रताप सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद सबसे बड़ी मानवता यही है कि समाज के लोग शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े रहें, उन्हें सांत्वना दें और हर संभव सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भोज के आयोजन से न तो मृत व्यक्ति की आत्मा को शांति मिलती है और न ही परिवार की पीड़ा कम होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि मृत्यु भोज जैसी परंपराएं कई गरीब परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बन जाती हैं। इसलिए समाज को ऐसी कुरीतियों से बाहर निकलकर नई और सकारात्मक सोच अपनाने की जरूरत है।

राजद नेता ने कहा कि इसुआपुर के परसा गांव के ग्रामीणों द्वारा लिया गया यह सामूहिक निर्णय सामाजिक सुधार की दिशा में एक मजबूत कदम है, जो अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।